अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Bihar News: बिहार के कैमूर जिले में सोमवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। मोहनिया थाना क्षेत्र के दनियालपुर कुरुई गांव में खेतों में काम कर रही महिलाओं पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं।
मृतकों की पहचान कुमारी देवी (पति मनोज राम), प्रेमशिला देवी (पति मदन राम) और मांग्री देवी (पति अशोक राम) के रूप में हुई है। वहीं, मीरा देवी, जानकी देवी, कुंती देवी और गीता देवी गंभीर रूप से झुलस गईं और उन्हें ग्रामीणों की मदद से मोहनिया अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की संभावना जताई जा रही है।
हादसे की खबर मिलते ही पूरे गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना पाकर जिला पार्षद गीता पासी भी मौके पर पहुंचीं और उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि मृतकों के परिजनों को तत्काल आपदा राहत राशि और उचित मुआवजा दिया जाए।
मोहनिया थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे में तीन महिलाओं की मौत हुई है और पांच घायल हैं। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया गया है। वहीं, मौके पर पहुंचे अंचलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि पीड़ित परिवारों को सरकारी सहायता मुहैया कराई जाएगी।
गांव में अचानक हुए इस हादसे से दहशत और दुख का माहौल है। लोग मानते हैं कि लगातार मौसम में हो रहे बदलाव के बीच इस तरह की घटनाओं में इजाफा हो रहा है।

