अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : पिठोरिया थाना क्षेत्र में लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों के खिलाफ पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। थाना प्रभारी अभय कुमार के नेतृत्व में समकालीन अभियान के दौरान कई वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में ठगी और जालसाजी जैसे अपराधों पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि जिन वारंटियों को गिरफ्तार किया गया है, वे कई गंभीर मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे थे। इन मामलों में ठगी, जालसाजी, अवैध रूप से जमीन की खरीद-बिक्री, लेन-देन विवाद और चेक बाउंस शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों में –
- रशीद अंसारी, पिता स्व. इब्राहिम अंसारी, ग्राम सतकनादूं
- जुबेर अंसारी, पिता स्व. तस्लीम अंसारी, ग्राम कोकदोरों
- जावेद अख्तर, पिता स्व. यासीन अंसारी, ग्राम कोकदोरों
- अर्जुन साहू, पिता भागवत साहू, ग्राम लोहरिया टोला, पिठोरिया
सभी आरोपी थाना-पिठोरिया, जिला रांची क्षेत्र से संबंधित हैं। पुलिस ने इन्हें विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में अग्रिम कार्रवाई हेतु अग्रसारित कर दिया है।
थाना प्रभारी अभय कुमार ने बताया कि पिठोरिया क्षेत्र में लंबे समय से जमीन से जुड़े विवादों, ठगी और जालसाजी के मामलों में कई लोग सक्रिय थे। ये लोग आम नागरिकों को ठगने के लिए फर्जी दस्तावेज़ और झूठे वादों का सहारा लेते थे। पुलिस लगातार इन पर नजर बनाए हुए थी और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि थाना क्षेत्र में अवैध जमीन कारोबार, ठगी और जालसाजी में शामिल लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। आने वाले दिनों में भी इसी तरह की सघन कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके और आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगे।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई का स्वागत किया है और इसे कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम बताया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि इस तरह की कार्रवाइयाँ लगातार होती रहीं तो जमीन माफियाओं और ठग गिरोहों का खौफ खत्म हो जाएगा।
पिठोरिया पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से अपराधियों में दहशत फैल गई है, वहीं आम नागरिकों को भरोसा मिला है कि कानून का शिकंजा हर हाल में अपराधियों तक पहुंचेगा।

