अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
India News: साईं बाबा के शिरडी में हमेशा भक्तों की भीड़ लगी रहती है। यहां आने वाले भक्त साईं की आस्था से भावुक नजर आते हैं। भक्त इसी आस्था के चलते प्रसाद खरीदते हैं। मगर अब शिरडी के साईं बाबा के प्रसाद में बूंदी के लड्डू महंगे हो गए हैं। साईं संस्थान ने लड्डू की कीमत में 40 प्रतिशत की भारी बढ़ोतरी कर दी है। दो लड्डुओं का एक पैकेट, जो पहले 20 रुपये में मिलता था, अब महाप्रसाद के रूप में 30 रुपये में बेचा जाएगा। दो लड्डू होने के बावजूद, कीमत में 10 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।
वहीं इस फैसले पर साईं भक्तों की मिली-जुली प्रतिक्रिया आई है। कुछ को लगता है कि इस बढ़ोतरी से कोई खास फर्क नहीं पड़ेगा। लेकिन कई लोगों ने इस पर नाराजगी भी जताई है। भक्तों का सवाल है कि करोड़ों रुपये का दान पाने वाले और मुफ्त भोजनालय चलाने वाले संस्थान को लड्डुओं पर महंगाई की मार क्यों झेलनी पड़ रही है? साईं संस्थान को हर साल करोड़ों रुपये का दान मिलता है। इन दानों से दर्शन व्यवस्था, भोजनालय, विभिन्न सेवाओं के साथ-साथ मुफ्त बूंदी प्रसाद जैसी सुविधाएं प्रदान की जाती हैं।
हालांकि, अकेले लड्डू प्रसाद की कीमत में वृद्धि ने भक्तों के मन में भ्रम पैदा कर दिया है। बहरहाल लड्डू प्रसाद के उत्पादन में हुई लागत और नुकसान की भरपाई के लिए यह मूल्य वृद्धि करने की बात भले कही जा रही है। लेकिन संस्थान द्वारा इसकी आधिकारिक घोषणा अभी तक नहीं की गई है। शिरडी में प्रतिदिन हजारों भक्त आते हैं। उनकी आस्था की मिठास बढ़ाने वाला लड्डू प्रसाद मुख्य आकर्षण होता है। इसलिए, लड्डू की कीमत में वृद्धि केवल वित्तीय मामला नहीं है, बल्कि भक्ति से जुड़ा है, इसलिए इस फैसले पर चर्चा होना लाजमी है।

