अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Bihar News: बिहार की राजधानी पटना में शनिवार सुबह दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। शाहजहांपुर-दनियावां-हिलसा स्टेट हाईवे-4 पर सिगरियावा स्टेशन के पास तेज रफ्तार ट्रक और ऑटो की भीषण टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में ऑटो सवार 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार मृतक नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र के मलावा गांव के निवासी थे। सभी लोग शनिवार तड़के गंगा स्नान करने के लिए पटना जिले के फतुहा त्रिवेणी घाट जा रहे थे। रास्ते में सिगरियावा स्टेशन के पास सामने से आ रहे ट्रक ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और कई शव सड़क पर बिखर गए।
मृतकों में संजू देवी (60) पति राजेंद्र प्रसाद, दीपिका पासवान (35) पति धनंजय पासवान, कुसुम देवी (48) पति चंद्रमौली पांडेय, चंदन कुमार (30) चालक, और कंचन पांडेय (34) पिता परशुराम पांडेय शामिल हैं। इसके अलावा बीरेंद्र राउत की पत्नी, शंभू राम की पत्नी और विकास राम की पत्नी की भी इस हादसे में मौत हो गई। मृतकों में 5 महिलाएं शामिल हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसा इतना भयानक था कि ऑटो सड़क पर बिखर गया और सभी यात्रियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, घायलों को तुरंत पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (पीएमसीएच) में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पटना ग्रामीण एसपी विक्रम सिहाग ने हादसे में 8 लोगों की मौत की पुष्टि की है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही शाहजहांपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक बहुत तेज रफ्तार में था और ड्राइवर ने अचानक वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद ट्रक सीधा ऑटो से जा टकराया। हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में मातम पसर गया।
यह सड़क हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की स्पीड लिमिट को कड़ाई से लागू किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों से बचा जा सके।

