अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
गुमला (भरनो): भरनो प्रखंड के कुसुम्बाहा गांव में स्थित सरना मैदान में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित सात दिवसीय अंतर-ग्रामीण हॉकी प्रतियोगिता का 38वां संस्करण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह टूर्नामेंट ग्रामीण विकास युवा क्लब, कुसुम्बाहा द्वारा आयोजित किया गया था।
टूर्नामेंट के समापन समारोह में विधायक जिग्गा सुसारन होरो मुख्य अतिथि और प्रखंड प्रमुख पारस नाथ उरांव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर फाइनल मैच का उद्घाटन किया।
फाइनल मुकाबला सरना युवा क्लब, मलगो और झारखंड गोल्डन युवा क्लब, सियांग के बीच खेला गया। निर्धारित समय में कोई भी टीम गोल नहीं कर पाई, जिसके बाद पेनल्टी शूटआउट का सहारा लिया गया। इसमें मलगो की टीम 1-0 से विजेता रही।
विजेता टीम मलगो को ₹12,000 और उपविजेता टीम सियांग को ₹8,000 का नकद पुरस्कार मिला। वहीं, तृतीय स्थान पर रही एनवायसी कोड़ेदाग की टीम को ₹4,000 की नकद राशि दी गई।
इस मौके पर विधायक जिग्गा सुसारन होरो ने कहा कि हमारे क्षेत्र में खेल की बहुत सी प्रतिभाएं छिपी हुई हैं, जिन्हें निखारने की जरूरत है। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल के माध्यम से अपना भविष्य उज्ज्वल करने के लिए प्रोत्साहित किया।
प्रमुख पारस नाथ उरांव ने खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलने की सलाह दी और हारने वाली टीम को निराश न होकर लगातार प्रयास करते रहने के लिए प्रेरित किया।
इस टूर्नामेंट को सफल बनाने में जॉनसन बड़ा, अभिषेक लकड़ा, पिंकी देवी, जहांगीर आलम सहित कई लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

