अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Bihar News: बिहार के नवादा जिले के हिसुआ थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की संयुक्त कार्रवाई के दौरान कुख्यात अपराधी निखिल कुमार के साथ मुठभेड़ हो गई। यह मुठभेड़ मंझवे पहाड़ी के पास हुई, जहां पुलिस उसे पकड़ने गई थी।
पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान के अनुसार, निखिल कुमार ने मौके पर पहुंचते ही पहले से छिपाए हथियार से पुलिस पर तीन राउंड फायरिंग की। जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए दो राउंड गोली चलाई, जिसमें निखिल के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। उसे तुरंत इलाज के लिए विम्स पावापुरी अस्पताल रेफर किया गया।
निखिल कुमार गया जिले का निवासी है और 25 जुलाई को हिसुआ में इलेक्ट्रिक व्यवसायी नीरज प्रकाश लाल पर हमले का मुख्य आरोपी है। उस दिन दरबार चौक स्थित दुकान पर छह हथियारबंद बदमाशों ने लूट के इरादे से धावा बोला था। इस दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग में नीरज और उनके भाई नवीन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हमले में एक गोली नीरज के सिर को छूकर निकल गई थी। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हुई थी और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने निखिल को मुख्य आरोपी के रूप में चिह्नित किया था।
पुलिस ने बताया कि इस मुठभेड़ के बाद इलाके में शांति बहाल होने की उम्मीद है। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और पुलिस की कार्रवाई में सहयोग करें।

