अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
India News: टीवी और फिल्म अभिनेत्री अंकिता लोखंडे इन दिनों बेहद चिंतित हैं। वजह है, कि उनकी घरेलू सहायिका (हेल्पर) कांता की बेटी सलोनी और उसकी सहेली नेहा का 31 जुलाई से लापता होना। एक्ट्रेस ने इस घटना को लेकर मालवणी पुलिस स्टेशन में एफआईआर भी दर्ज कराई है और मुंबई पुलिस से मदद की अपील की है।
इस संबंध में अंकिता ने घटना की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफार्म इंस्टाग्राम में एक पोस्ट करते हुए दी है। उन्होंने लापता लड़कियों की तस्वीरें शेयर करते हुए कहा है, कि हमारी हेल्पर कांता की बेटी सलोनी और उसकी दोस्त नेहा 31 जुलाई सुबह 10 बजे से गायब हैं। उन्हें आखिरी बार वकोला इलाके में देखा गया था। एफआईआर पहले ही मालवणी पुलिस स्टेशन में दर्ज की जा चुकी है, लेकिन अब तक उनका कोई पता नहीं चला है। इस पोस्ट में अंकिता ने भावुक अपील करते हुए लिखा, कि वे सिर्फ हमारे घर का हिस्सा नहीं हैं, वे परिवार हैं। हम बहुत परेशान हैं और मुंबई पुलिस और मुंबई वासियों से अनुरोध करती हूं कि कृपया इस खबर को फैलाएं और किसी भी तरह से लड़कियों की सुरक्षित वापसी में मदद करें। अगर किसी ने कुछ देखा या सुना है, तो तुरंत पुलिस स्टेशन से संपर्क करें। आपकी दुआएं और सहयोग इस समय बेहद अहम हैं।
नेताओं को भी किया टैग
अंकिता ने सोशल मीडिया पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, अजित पवार सहित अन्य प्रमुख नेताओं और अधिकारियों को भी टैग किया, ताकि प्रशासन इस मामले को गंभीरता से ले।
टीवी शो ‘लाफ्टर शेफ’ में आई थीं नजर
हाल ही में अंकिता लोखंडे अपने पति विक्की जैन के साथ सेलिब्रिटी कुकिंग-कॉमेडी शो ‘लाफ्टर शेफ’ में नजर आई थीं। इस शो में उनके साथ कृष्णा अभिषेक, करण कुंद्रा, निया शर्मा, रुबीना दिलैक, एल्विश यादव जैसे कई सितारे शामिल थे। शो के समापन पर अंकिता ने एक भावुक वीडियो शेयर कर धन्यवाद भी दिया था।
पुलिस ने शुरु की जांच
मालवणी पुलिस के अनुसार, एफआईआर दर्ज होने के बाद जांच शुरू कर दी गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। बच्चियों के परिवार और अंकिता लोखंडे को उम्मीद है कि वे जल्द ही सकुशल मिल जाएंगी।

