अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
India News: राजस्थान की कोचिंग नगरी कोटा एक बार फिर एक दर्दनाक प्रेम प्रसंग की कहानी का गवाह बन गई है। यहां शनिवार देर रात एक युवक ने अपनी प्रेमिका को गोली मार दी और फिर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस वारदात ने शहर में सनसनी फैला दी है।
घटना आरकेपुरम इलाके में स्थित मुकुंदरा वन विभाग के ऑफिस के पास हुई, जहां करण गुर्जर (32) ने अपनी प्रेमिका पूर्वा शर्मा (29) को सिर में गोली मारी और फिर खुद को भी गोली मार ली। करण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पूर्वा गंभीर रूप से घायल हो गईं और उन्हें कोटा मेडिकल कॉलेज के न्यू हॉस्पिटल में आईसीयू में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और उनके सिर में गोली फंसी है, जिसे ऑपरेशन के जरिए निकाला जाएगा।
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि पूर्वा शर्मा पेशे से वकील हैं और कोटा में ही प्रैक्टिस करती हैं। वहीं करण गुर्जर का बैकग्राउंड आपराधिक रहा है। दोनों पिछले दो-तीन सालों से रिलेशनशिप में थे। लेकिन तीन महीने पहले करण ने किसी और से शादी कर ली थी। इस बात को लेकर पूर्वा और करण के बीच तनाव था और अक्सर दोनों के बीच झगड़े होते थे।
घटना की रात दोनों एक स्कूटी पर सवार होकर किसी शांत स्थान पर बातचीत करने गए थे। बताया जा रहा है कि वहीं तलाक और रिश्ते को लेकर तीखी बहस हो गई। इसी दौरान गुस्से में आकर करण ने स्कूटी रोकी और पूर्वा के सिर के पीछे गोली मार दी। पूर्वा सड़क पर गिर पड़ीं। करण ने यह समझा कि उनकी मौत हो गई है, जिसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल पूर्वा को अस्पताल भिजवाया, जबकि करण का शव मोर्चरी भेज दिया गया। एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने रात एक बजे के बाद घटनास्थल से सबूत जुटाए।
पुलिस को पूर्वा के पिता की तरफ से शिकायत मिली, जिस पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। अस्पताल में पूर्वा की सुरक्षा के लिए दो पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। वहीं, करण गुर्जर का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ पहले से मारपीट के 3–4 मामले दर्ज हैं, जबकि उसके पिता जयदेव गुर्जर कैथून थाने के हिस्ट्रीशीटर हैं।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि करण और पूर्वा के बीच काफी दिनों से विवाद चल रहा था। लोगों को इस रिश्ते की जटिलता का अंदेशा था, लेकिन किसी को इतना बड़ा हादसा होने की उम्मीद नहीं थी।

