अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
डुमरी (गुमला)।
प्रत्येक वर्ष 11 जुलाई को मनाए जाने वाले विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर इस वर्ष डुमरी प्रखंड अंतर्गत परिवार स्वास्थ्य मेला 2025 सह परिवार कल्याण दिवस का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रखंड प्रमुख जीवंती एक्का द्वारा दीप प्रज्वलन कर की गई।
इस मौके पर उपस्थित चिकित्सक डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि यह विशेष जनजागरूकता अभियान 11 जुलाई से 31 जुलाई 2025 तक संचालित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य आम जनों को परिवार नियोजन की स्थायी व अस्थायी विधियों की जानकारी देना तथा जनसंख्या नियंत्रण के महत्व को समझाना है। उन्होंने कहा, “छोटा परिवार, सुखी परिवार की अवधारणा को अपनाकर हम एक स्वस्थ और समृद्ध समाज की ओर अग्रसर हो सकते हैं।”
कार्यक्रम में जनसमुदाय को स्वास्थ्य और परिवार नियोजन के प्रति जागरूक करने हेतु एक विशेष जागरूकता रथ को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह रथ डुमरी एवं जारी प्रखंड के विभिन्न गांवों में जाकर लोगों को परिवार कल्याण से संबंधित जानकारी देगा और योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेगा।
इस अवसर पर बीपीएम राजेश केरकेट्टा, बीटीटी शांता टोप्पो, मंजुला मिंज, एजरस एक्का, जोसफिन कुजूर, सहित कई एएनएम, सहिया और स्वास्थ्य विभाग के कर्मी मौजूद रहे। सभी ने एकमत होकर जनसंख्या नियंत्रण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, तथा परिवार कल्याण योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता जताई।
कार्यक्रम का समापन जनहित में जागरूकता और समर्पण की भावना के साथ किया गया, जिससे आम नागरिक इन योजनाओं से लाभान्वित हो सकें।

