अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Bihar News: बिहार के भागलपुर जिले से एक बड़ी धोखाधड़ी की घटना सामने आई है, जिसमें 74 महिलाओं को लोन दिलाने के नाम पर एक एजेंट ने करीब 1 करोड़ 40 लाख 62 हजार रुपये की ठगी कर ली और फरार हो गया। यह मामला सिर्फ भागलपुर का नहीं, पूरे देश के लिए चेतावनी है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी एजेंट ने महिलाओं को अलग-अलग ग्रुप में बांटकर बैंकों से लोन दिलवाया। शुरुआत में उसने सभी के घर आकर हर महीने की किस्त खुद वसूलना शुरू किया, जिससे महिलाओं को भरोसा हो गया कि वह बैंक से अधिकृत है। महिलाएं एजेंट को समय पर किस्त देती रहीं, लेकिन उन्हें यह नहीं मालूम था कि वह बैंक में पूरी राशि जमा नहीं कर रहा है।
कुछ रकम बैंक में जमा की जाती थी, जिससे बैंक के रिकॉर्ड में अकाउंट एक्टिव दिखे। लेकिन बड़ी रकम आरोपी ने खुद रख ली। जब सभी महिलाओं की किश्तें पूरी हो गईं, तो एजेंट पूरे पैसे के साथ फरार हो गया।
घटना की पोल तब खुली जब बैंक ने सभी महिलाओं को बकाया भुगतान के लिए नोटिस भेजा। बैंक से नोटिस मिलते ही महिलाओं के होश उड़ गए और तब उन्हें पता चला कि वे एक बड़े फर्जीवाड़े का शिकार हो चुकी हैं।
अब सभी पीड़ित महिलाएं थाने और बैंक के चक्कर काट रही हैं। उनकी जमा पूंजी, मेहनत और भरोसा—सब कुछ लूट चुका है। यह मामला सिर्फ कानूनी नहीं बल्कि सामाजिक रूप से भी गंभीर चिंता का विषय है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन अब तक एजेंट का कोई सुराग नहीं मिला है। यह घटना देशभर के लोगों के लिए एक सबक है कि किसी भी किस्त या लोन संबंधी लेन-देन में पूरी पारदर्शिता रखें और बिचौलियों से बचें।

