अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
गुमला: आज गुरुवार को उपायुक्त गुमला प्रेरणा दीक्षित की अध्यक्षता में जिला स्तरीय आरसेटी (RSETI) सलाहकार समिति की समीक्षात्मक बैठक आरसेटी कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में प्रशिक्षण कार्यक्रमों की गुणवत्ता, पहुंच और प्रभाव को बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में उपायुक्त द्वारा निदेशक आरसेटी को निर्देशित किया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के प्रशिक्षण कार्यक्रमों की सूची (Training Calendar) को सभी प्रखंड कार्यालयों, पंचायत भवनों एवं जिला समाहरणालय परिसर में प्रदर्शित किया जाए, जिससे ग्रामीणों को समय पर प्रशिक्षण की जानकारी मिल सके।
उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में होने वाली बैठकों के माध्यम से ग्रामीणों को आरसेटी प्रशिक्षण के प्रति जागरूक करें ताकि अधिक से अधिक लोग विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हो सकें।
उपायुक्त द्वारा यह स्पष्ट निर्देश दिया गया कि हर माह कम से कम 100 ग्रामीणों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसे सभी संबंधित विभाग मिलकर पूरा करें।
इसके अलावा, 15 जुलाई 2025 तक चल रहे धरती आबा जनभागीदारी शिविर में DWO एवं BDO के माध्यम से पंचायत स्तर पर प्रशिक्षण की जानकारी साझा करने और लोगों को जोड़ने हेतु भी निर्देशित किया गया।
प्रशिक्षण की गुणवत्ता को बढ़ाने के उद्देश्य से प्रशिक्षुओं को ग्रीन हाउस, ड्रिप इरिगेशन आदि तकनीकी क्षेत्रों का भ्रमण कराने का निर्देश भी अधोहस्ताक्षरी द्वारा दिया गया।
बैठक में उपायुक्त द्वारा निदेशक आरसेटी को निर्देश दिया गया कि पशुपालन एवं कृषि से संबंधित प्रशिक्षित लाभार्थियों की सूची व्हाट्सएप के माध्यम से जिला पशुपालन पदाधिकारी एवं जिला कृषि पदाधिकारी को उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ा जा सके।
साथ ही एल.डी.एम. गुमला को निर्देशित किया गया कि आरसेटी से प्रशिक्षित इच्छुक लाभार्थियों को बैंक ऋण उपलब्ध कराने हेतु सभी बैंकों से समन्वय स्थापित करें एवं लंबित ऋण आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान प्रशिक्षण प्राप्त कर स्वरोजगार प्रारंभ करने वाले प्रशिक्षुओं को उपायुक्त द्वारा सम्मानित भी किया गया।
एसी फ्रिज रैपिंग कार्य में उत्कृष्टता हेतु आलोक कुमार एवं अश्विनी कुमार,
मोबाइल रैपिंग कार्य हेतु अरविंद साहू,
तथा सुअर पालन में उत्कृष्टता हेतु मुकुंद सिंह को सम्मानित किया गया।
बैठक में आरसेटी निदेशक, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, डीपीएम (जेएसएलपीएस), जिला पशुपालन पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

