अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi News: झारखंड में लगातार हो रही भारी बारिश ने आम जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। राज्य के 14 जिलों में हालात बेहद खराब हो गए हैं। सबसे ज्यादा असर राजधानी रांची में देखने को मिला, जहां भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलजमाव हो गया है। इससे यातायात ठप हो गया और लोगों को अपने दैनिक कार्यों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
रांची में जलभराव से हालात विकट
रांची में जल स्रोत, जैसे नदी, नाले और डैम लबालब भर गए हैं। भारी बारिश की वजह से कई घरों में पानी घुस गया है, जिससे लोगों को रातें जागकर गुजारनी पड़ रही हैं। सड़कों पर पानी जमा होने से स्कूल जाने वाले बच्चों और ऑफिस जाने वाले कर्मचारियों को भी काफी परेशानी झेलनी पड़ी।
14 जिलों में औसत से दोगुनी बारिश, आंकड़े चौकाने वाले
राज्य के जिन 14 जिलों में भारी बारिश ने कहर बरपाया है, उनमें रांची में सामान्य 253.2 मिमी की तुलना में 648.3 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसी तरह अन्य जिलों का हाल भी कुछ ऐसा ही रहा:
-
पूर्वी सिंहभूम: 296.7 की तुलना में 694.6 मिमी
-
पश्चिमी सिंहभूम: 252.2 के मुकाबले 463.9 मिमी
-
सिमडेगा: 300.3 की तुलना में 567.9 मिमी
-
सरायकेला-खरसावां: 260 के मुकाबले 582.1 मिमी
-
रामगढ़: 247.3 के मुकाबले 566.1 मिमी
-
लातेहार: 230.7 की तुलना में 592.6 मिमी
-
धनबाद: 269.8 के मुकाबले 421.4 मिमी
इन जिलों के अलावा पलामू, लोहरदगा, खूंटी, गुमला, चतरा और बोकारो में भी सामान्य से कहीं ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।
कृषि पर सीधा असर: फसलें नष्ट, बिचड़े लगाने में देरी
भारी बारिश ने किसानों की कमर तोड़ दी है। खेतों में जलभराव के कारण बिचड़े नहीं लगाए जा पा रहे हैं और खेतों की जुताई भी नहीं हो रही है। सब्जियों की खेती पूरी तरह बर्बाद हो गई है, जिससे बाजार में सब्जियों की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखा जा रहा है।
पुल और सड़कें भी नहीं बचीं बारिश से
राज्य के कई हिस्सों में पुल-पुलिया और डायवर्सन बह गए हैं, जिससे गांवों का संपर्क जिला मुख्यालयों से टूट गया है। इससे राहत और बचाव कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
लातेहार में सबसे ज्यादा बारिश, तापमान में गिरावट दर्ज
पिछले 24 घंटे में लातेहार जिले के चंदवा में सबसे ज्यादा 90.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। सोमवार को रांची का अधिकतम तापमान 28.2°C, जमशेदपुर में 30°C और डालटेनगंज में 31.8°C रहा। तेज बारिश के कारण पूरे राज्य में तापमान में गिरावट देखी गई है, लेकिन उमस और जलभराव ने लोगों को राहत नहीं दी है।

