अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
India News: पहलगाम हमले ने कश्मीर के टूरिज्म को काफी प्रभावित किया। अब ऐसे में लोगों की निगाहें अमरनाथ यात्रा पर थी कि क्या इस बार भी यात्रा करने लोग आएंगे या नहीं। 38 दिनों की यह तीर्थयात्रा गुरुवार से शुरू हो गई है और पहले दिन ही बाबा अमरनाथ के दर्शन 12 हजार से ज्यादा लोगों ने किए। मीडिया रिपोर्ट में अधिकारियों के हवाले से बताया गया है कि तीर्थयात्रा के पहले दिन कुल 12,348 तीर्थयात्रियों ने गुफा मंदिर में पूजा-अर्चना की।
अधिकारियों ने कहा है कि उन्हें पहले दिन इतनी बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों के पहुंचने की उम्मीद नहीं थी। खासकर पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद। इस साल सुचारू तीर्थयात्रा सुनिश्चित करने के लिए अभूतपूर्व सुरक्षा उपाय किए गए हैं। उन्होंने लोगों से बिना किसी डर के यात्रा पर आने का आग्रह किया और कहा कि चारों ओर सुरक्षा व्यवस्था होने के कारण डरने की जरूरत नहीं। एक तीर्थयात्री ने कहा कि बहुत अच्छे इंतजाम हैं। बड़ी संख्या में सुरक्षा बल तैनात हैं।
तीर्थयात्रियों में केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे भी शामिल हैं, जो बालटाल के रास्ते बाबा बर्फानी के दर्शन करने जा रही हैं। सरकार ने तीर्थयात्रियों की सुरक्षा के लिए व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए हैं सुरक्षा तय करने के लिए पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस और अन्य अर्धसैनिक बलों के हजारों जवानों को तैनात किया गया है। तीर्थयात्रा का समापन नौ अगस्त को होगा।

