अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
India News: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के घोलतीर क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। बद्रीनाथ जा रही एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर अलकनंदा नदी में जा गिरी। इस दर्दनाक दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि आठ यात्री गंभीर रूप से घायल हैं। साथ ही करीब 10 यात्रियों के लापता होने की खबर है, जिनकी तलाश के लिए एसडीआरएफ, पुलिस और प्रशासन की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।
घटना की पुष्टि करते हुए जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन रजवार ने बताया कि वाहन में सवार सभी यात्री विभिन्न राज्यों से थे और बद्रीनाथ की ओर तीर्थ यात्रा पर जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य युद्ध स्तर पर शुरू किया गया। घायलों को तुरंत रेस्क्यू कर जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर शोक जताते हुए सोशल मीडिया एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, “रुद्रप्रयाग में टेंपो ट्रैवलर के नदी में गिरने का समाचार अत्यंत दुःखद है। सभी प्रभावितों के लिए प्रार्थना करता हूं। राहत व बचाव कार्य तेजी से चल रहा है। प्रशासन से लगातार संपर्क में हूं।”
घायलों में राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश के यात्री शामिल हैं। मृतकों की शिनाख्त फिलहाल नहीं हो सकी है। पुलिस और प्रशासन की टीमों के अलावा स्थानीय लोग भी बचाव कार्य में सहायता कर रहे हैं। दुर्घटना का कारण तेज़ रफ्तार या सड़क पर फिसलन माना जा रहा है, लेकिन जांच पूरी होने के बाद ही सटीक जानकारी सामने आएगी।
यह हादसा एक बार फिर उत्तराखंड के पहाड़ी रास्तों पर सतर्कता और सुरक्षा उपायों की अहमियत को रेखांकित करता है।

