अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
India News: गुजरात की राजधानी अहमदाबाद में गुरुवार को एक भीषण विमान हादसा हुआ, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लंदन गैटविक के लिए उड़ान भर रही एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI-171 टेकऑफ के तुरंत बाद क्रैश हो गई। विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और 1 कनाडाई नागरिक शामिल थे।
हादसा उस समय हुआ जब बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर टेकऑफ के दौरान एयरपोर्ट की बाउंड्री के पास धमाके के साथ नीचे गिर गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। विमान का मलबा आसपास के इलाके में फैल गया, जहां कई लोग खाने के लिए बैठे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वहां मौजूद कई डॉक्टर और छात्र इस हादसे का शिकार हो गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ डॉक्टरों की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। अग्निशमन दल, एम्बुलेंस और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं और घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। एयर इंडिया की ओर से हेल्पलाइन नंबर 1800 5691 444 जारी किया गया है ताकि प्रभावित परिवार संपर्क कर सकें।
राज्यसभा सांसद परिमल नथवाणी की गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी को श्रद्धाजंलि
इस हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के भी विमान में सवार होने की खबर है। हालांकि अभी तक उनकी मृत्यु की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इस बीच राज्यसभा सांसद परिमल नथवाणी ने अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल से रूपाणी को श्रद्धांजलि देते हुए शोक जताया है। उन्होंने लिखा कि “विजय रूपाणी के निधन की खबर सुनकर बेहद दुखी हूं। वे एक अच्छे इंसान और अनुभवी नेता थे।”
देश के बड़े पांच विमान हादसे
एअर इंडिया के विमान (बोइंग 787 ड्रीमलाइनर) हादसे ने देश की बड़ी पांच विमान दुर्घटनाओं की याद ताजा कर दी।
213 की मौत : 01 जनवरी 1978: एअर इंडिया का विमान मुंबई से उड़ान भरते ही अरब सागर में गिरा। 213 लोगों की मौत। यह विमान दुबई जा रहा था।
55 की मौत : 26 अप्रैल 1993: औरंगाबाद एयरपोर्ट पर ट्रक से विमान टकराया। 55 लोगों की मौत। यह विमान मुंबई जा रहा था।
349 की मौत : 12 नवंबर, 1996: हरियाणा के चरखी दादरी में दो विमान टकराए। 349 लोगों की मौत। इनमें एक विमान सऊदी अरब और दूसरा कजाकिस्तान का था।
158 की मौत : 22 मई, 2010: कर्नाटक के मेंगलोर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विमान रनवे से फिसलता हुआ खाई में गिरकर दो हिस्सों में बंटा। 158 यात्रियों की मौत।
21 की मौत : 07 अगस्त 2020: केरल के कोझिकोड में एअर इंडिया एक्सप्रेस का विमान रन-वे से फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त। 21 यात्रियों की मौत। इसमें कोरोना के दौरान वंदे भारत मिशन के तहत दुबई से भारतीयों को लाया जा रहा था।
कितने मारे गए, तस्वीर साफ नहीं
और आज (12जून, 2025)- अहमदाबाद में विमान हादसा।
सरकार की ओर से फिलहाल किसी अधिकारी ने स्पष्ट रूप से पुष्टि नहीं की है कि कितने लोग हताहत हुए हैं, लेकिन प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार भारी जान-माल के नुकसान की आशंका है। देशभर से शोक संदेश आ रहे हैं और लोग इस त्रासदी से स्तब्ध हैं।

