अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
BIhar News: पीएम नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पटना एयरपोर्ट पर बिहार के होनहार युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी और उनके परिवार से मुलाकात की। यह मुलाकात बिहार दौरे के दौरान जय प्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुई। वैभव के साथ उनके माता-पिता भी मौजूद थे।
पीएम मोदी ने इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा, “पटना एयरपोर्ट पर युवा क्रिकेट सनसनी वैभव सूर्यवंशी और उनके परिवार से मुलाकात हुई। उनके क्रिकेट कौशल की पूरे देश में प्रशंसा हो रही है! उनके भविष्य के प्रयासों के लिए मेरी शुभकामनाएं।”
14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने इस साल IPL में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ सिर्फ 35 गेंदों में शतक जड़कर इतिहास रच दिया। वह IPL में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बन गए हैं और सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले भारतीय खिलाड़ी का रिकॉर्ड भी उनके नाम हो गया है।
पीएम से मुलाकात के दौरान वैभव ने उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया। यह क्षण उनके लिए बेहद खास और प्रेरणादायक रहा। क्रिकेट फैंस और बिहारवासियों के लिए यह मुलाकात गर्व का विषय बन गई है।

