अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi News : रांची रेलवे स्टेशन पर मानव तस्करी के खिलाफ चलाई जा रही विशेष मुहिम “ऑपरेशन AAHT” के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को नई सफलता मिली है। इस अभियान के दौरान 9 लड़कियों को तस्करी के प्रयास से बचाया गया, वहीं तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
RPF कमांडेंट पवन कुमार के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। प्लेटफॉर्म संख्या-1 के फुटओवर ब्रिज के पास RPF की टीम ने 9 लड़कियों और 2 पुरुषों को संदिग्ध अवस्था में पाया। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने जब इनसे पूछताछ की, तो संतोषजनक जवाब न मिलने पर सभी को RPF पोस्ट लाया गया।
गहन पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी श्रुति देवी, कुंदन कुमार और रंधीर करमाली इन लड़कियों को तमिलनाडु में नौकरी देने के बहाने बहला-फुसलाकर ले जाने की योजना बना रहे थे। आरोपियों ने लड़कियों से ₹2000 से ₹3000 तक कमीशन वसूला था, साथ ही ₹20 प्रतिदिन प्रति लड़की की दर से अतिरिक्त पैसा कमाने का खुलासा भी हुआ।
कुंदन कुमार के मोबाइल फोन से कई लड़कियों के आधार कार्ड की तस्वीरें और संदिग्ध व्हाट्सएप चैट भी बरामद की गईं। आरोपियों के पास किसी तरह का वैध दस्तावेज नहीं पाया गया।
तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर AHTU/एलपीएस कोतवाली को सौंप दिया गया है, जहां उनके खिलाफ BNS की धारा 143(3)/3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इस सफल अभियान में RPF की टीम का सराहनीय योगदान रहा, जिनमें IPF शिशुपाल कुमार, SI सुरज पांडेय, SI सोहनलाल, SI सुनीता तिर्की और महिला कांस्टेबलों की विशेष भूमिका रही।

