Jharkhand News: जिला समाहरणालय सभागार में उपायुक्त अनन्य मित्तल के निर्देश पर शुक्रवार को यातायात और सड़क सुरक्षा समिति की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एडीसी भगीरथ प्रसाद ने की, जिसमें धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी शताब्दी मजूमदार, डीटीओ धनंजय, पथ प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता दीपक सहाय सहित कई विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और ट्रैफिक नियमों के पालन को सुनिश्चित करना था। फरवरी माह की दुर्घटना रिपोर्ट में सामने आया कि कुल 30 सड़क हादसों में 22 लोगों की मौत और 14 लोग गंभीर रूप से घायल हुए। इस alarming स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने ब्लैक स्पॉट चिन्हित करने, सड़क के खतरनाक मोड़ों पर साइनेज लगाने और अतिक्रमण हटाने के सख्त निर्देश दिए।
वहीं मार्च माह में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले 533 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। हेलमेट नहीं पहनने, सीट बेल्ट न लगाने, ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार जैसे मामलों में कुल ₹31,51,000 का जुर्माना वसूला गया।
बैठक में यह भी बताया गया कि सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी। इस दौरान मार्च माह में कुल 2055 नए ड्राइविंग लाइसेंस जारी किए गए, जिनमें 1762 पुरुष और 293 महिलाएं शामिल हैं।
सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाकर सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।



