अपनी भाषा चुनेें :
Ranchi : जिले में कौशल प्रतियोगिता सह प्रदर्शनी का भव्य आयोजन मंगलवार को अमर शहीद ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, राँची के सभागार में किया गया। इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में कुल 59 सरकारी उच्च एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थी शामिल हुए। ये सभी विद्यार्थी कक्षा 9 से 12 तक के हैं, जो विभिन्न 10 व्यावसायिक ट्रेडों में अध्ययनरत हैं।
प्रतियोगिता में लगभग 350 बच्चों ने हिस्सा लिया और अपने-अपने ट्रेड से जुड़े अभिनव मॉडल प्रस्तुत किए। बच्चों द्वारा प्रदर्शित मॉडलों में साइबर सुरक्षा, एप डेवलपमेंट, रिटेल मैनेजमेंट, अपेरीयल डिजाइनिंग, कृषि आधारित मॉडल, इलेक्ट्रॉनिक्स तथा अन्य व्यावसायिक क्षेत्रों से जुड़े अवधारणाएँ शामिल रहीं। कई विद्यार्थियों ने डिजिटल सुरक्षा और मोबाइल एप्लिकेशन विकास के आकर्षक प्रोटोटाइप प्रस्तुत कर दर्शकों और जूरी सदस्यों को प्रभावित किया।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी विनय कुमार ने स्वयं सभी मॉडलों का अवलोकन किया, बच्चों का उत्साहवर्धन किया और विजेता छात्रों को पारितोषिक प्रदान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में नवाचार, नेतृत्व और तकनीकी ज्ञान को बढ़ावा देते हैं। डीईओ ने सभी विद्यार्थियों को भविष्य में और अधिक रचनात्मक सोच विकसित करने तथा अपने आसपास की समस्याओं के समाधान हेतु नए प्रोजेक्ट तैयार करने की प्रेरणा दी।
जिला स्तर की इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन में प्रभाग प्रभारी सतीश कुमार मिश्र, अखिलेश कुमार, सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी, अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी पंकज कुमार तथा जिला समन्वयक वीरेंद्र कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इनके समन्वय से प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
प्रतियोगिता में 10 ट्रेडों के अनुसार प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। जिला स्तर पर प्रथम स्थान पाने वाले विद्यार्थी 23 दिसंबर को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में राँची जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस अवसर पर सभी विजेताओं को शुभकामनाएँ दी गईं और आगे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरक सुझाव दिए गए।

