Ranchi : आगामी 15 नवंबर 2025 को झारखंड राज्य अपने गठन के 25 वर्ष पूरे करने जा रहा है। इस अवसर पर राज्य सरकार द्वारा राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में भव्य स्तर पर राज्य स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियां इन दिनों जोरो पर हैं

गृह विभाग की प्रधान सचिव वंदना दादेल के नेतृत्व में वरिष्ठ अधिकारियों ने मोरहाबादी मैदान का स्थल निरीक्षण किया और कार्यक्रम की रूपरेखा की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने इस वर्ष स्थापना दिवस को वृहत और यादगार आयोजन के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। यह कार्यक्रम झारखंड की गौरवशाली विरासत, सांस्कृतिक विविधता और विकास यात्रा को दर्शाएगा।

श्रीमती दादेल ने कहा कि स्थापना दिवस के मुख्य समारोह के अलावा 11 नवंबर से पूरे राज्यभर—जिलों, प्रखंडों, पंचायतों, विद्यालयों और महाविद्यालयों में—विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक, खेलकूद और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 15 नवंबर को आयोजित मुख्य कार्यक्रम में विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी किया जाएगा।

प्रधान सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम की हर तैयारी समयबद्ध और सुनियोजित तरीके से पूरी की जाए। उन्होंने मंच निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था, विद्युत प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, स्वच्छता, पार्किंग, आपातकालीन सेवाओं, अतिथि सत्कार, प्रदर्शनी और मीडिया प्रबंधन जैसे सभी आयामों की जिम्मेदारी तय की। उन्होंने कहा कि “राज्य स्थापना दिवस, झारखंडवासियों के आत्मसम्मान और एकजुटता का प्रतीक है। इस आयोजन में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

निरीक्षण के दौरान सचिव वाणिज्य कर विभाग अमिताभ कौशल, कल्याण सचिव कृपानंद झा, खनन निदेशक राहुल कुमार सिन्हा, आदिवासी कल्याण आयुक्त कुलदीप चौधरी, विशेष सचिव सह निदेशक (IPRD) राजीव लोचन बख्शी, उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजन्त्री समेत जिला प्रशासन के कई वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

सभी अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित तैयारियों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और सुनिश्चित किया कि कार्यक्रम से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी। इस वर्ष का स्थापना दिवस समारोह न केवल एक सरकारी आयोजन, बल्कि राज्य के गौरव, पहचान और जनसहभागिता का उत्सव बनने जा रहा है।

Share.
Exit mobile version